
उत्तराखंड समेत छह राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त
दुष्यंत गौतम सिक्किम के राज्यपाल नियुक्त
नई दिल्ली: राष्ट्रपति ने छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल को मंजूरी दी है। इसके तहत डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, उत्तराखंड भाजपा के पूर्व प्रभारी रहे दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
ले.जनरल गुरमीत सिंह का कार्यकाल पूरा होने के बाद डॉ बिसेन को उत्तराखण्ड की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर अब तमिलनाडु के राज्यपाल की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इसके अलावा, ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया है। डॉ. धाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड तथा दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
सीएम धामी ने दी बधाई
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन को देवभूमि उत्तराखण्ड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. ढाल सिंह बिसेन का दीर्घ राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण तथा सार्वजनिक जीवन में उनका उल्लेखनीय योगदान प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. ढाल सिंह बिसेन के अनुभव एवं मार्गदर्शन से उत्तराखण्ड के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा राज्य की विकास यात्रा को और गति प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन के सफल, यशस्वी एवं मंगलमय कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगा।




